मेरी कवितायें

मैं यूँ ही लिख देता हूँ कवितायें 
उड़ेल देता हूँ अपने अंदर के द्वंद को 
छोड़ देता हूँ शब्दों को तैरने के लिए 
अपने अंतर्मन के अथाह समंदर में 
मेरे लिखे हर शब्द, हर वाक्य में छिपी होती हैं, 
मेरी भावनाएं, मेरी पीडाएं, मेरी इच्छाएं 
जो खुद चुनना चाहती हैं अपना लक्ष्य 
कहना चाहती हैं मेरे अंदर का सच 
लोग पढते हैं मेरी कविताओं को 
और फिर मुझे देखते हैं, बड़े रहस्यमयी तरीके से 
जैसे की मैं कोई पहेली हूँ
वो मेरे चेहरे पर भी पढ़ना चाहते हैं वो भाव
जो मेरी कविताओं में व्यक्त होता है
लेकिन माथे पर नहीं होती है मेरे कोई शिकन
चेहरे पर नहीं कोई उदासी, कोई विरक्ति
जो मेरी कविताओं में दिखाई देती है
इसलिए लोग घूरते मुझे बड़े देर तक
टटोलते हैं मेरी अंदर की भावनाओ को
जानना चाहते है मेरी कमजोरियों को
कोशिश करने लगते है वो मेरी दुखती रगों पर हाथ रखने की
और मैं अछूता नहीं रह पाता उनकी इन भेदती नजरों से
पकडे जाने लगता है मेरे अंदर का सच
मेरी कविताओं का सच
मेरे जीवन का सच
और डर बढ़ जाता है मेरी भावनाओ के उजागर होने का
सामने आने लगता है रहस्य मेरी कविताओं का
और तब मैं यह कहकर बचने की कोशिश करता हूँ
“की ये कवितायेँ मैंने नहीं लिखी, कहीं से चुराई है”

ब्रजेश कुमार सिंह ‘अराहान’ 


१८ मार्च २०१२ 

Leave a Reply

Discover more from अरहान Arahaan

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading