Story In Hindi

Story In Hindi – Sunsan Jaghen | हिंदी कहानी- सुनसान जगहें

Story In Hindi: दुनिया में बहुत सी ऐसी जगहें हैं जहाँ कोई आता जाता नहीं है या फिर बहुत कम लोग आते-जाते हैं। ये जगहें पूरे पृथ्वी से लेकर आपके घर तक होंगी। जैसे गाँव का वो कोना जहाँ लोग इसलिए नहीं जाते क्योंकि वो भुतहा माना जाता है। घर मे भी एक स्टोर रूम जैसी जगह होती है जहाँ साल या महीने मे एक दो बार जाया जाता है। हर जगह ऐसी एक जगह जरूर होती है। ऐसी जगहों का अपना एक आकर्षण होता है। कई बार लोग इन जगहों पर इसलिए भी जाते है क्योंकि वहाँ जाना मना होता है। जैसे मै एक बार रात में गाँव से थोड़ी दूर पड़ने वाले बेर के जंगल मे गया था। वहाँ मैनें कोई प्रेत नहीं देखा लेकिन उस जगह इतनी निराशा इतना खालीपन इतनी शांति थी की मैं डर के मारे वहाँ से भाग आया था।

उस दिन की घटना के बाद से मेरे अंदर भूत प्रेत की परिभाषा बदल गयी थी। अगर उस जगह मुझे वहाँ कोई मिल जाता जो मेरे ही तरह वहाँ कौतूहल वश वहाँ गया होता तो वो मेरा दोस्त बन जाता। लेकिन हर बार ऐसी जगहों पर लोग नहीं जाते इसलिए ऐसी जगहों पर दोस्त नहीं बन पाते और अब मै गाँव मे भी नहीं रहता।

हालांकि, अब भी मैं ऐसी जगहों पर जा पाता हूँ जहाँ कम लोग ही जाते हैं या फिर वैसे ही लोग जा पाते हैं जो कहीं न कहीं मेरी तरह सोचते हैं।

Ea Sports क्रिकेट 2007 में जो गाने इस्तेमाल किये गए हैं वो हम जैसे लोगों के लिए टाईम पोर्टल के चभियों जैसे हैं। अगर दुबारा कभी वो गीत सुन लें तो हम तुरंत उसी दौर मे चले जाते हैं। इसी क्रिकेट गेम में एकाध गाने है जो शायद उन्हीं लोगो ने सुने होंगे जो इस गेम को खेलते थे। कुछ दिनों पहले मै इसी गेम के एक गाने के Youtube वीडियो पर गया। गाने का नाम है लव जेनेरेशन। मैंने वहाँ एक कंमेंट भी छोड़ा। इस वीडियो का कॉमेंट बॉक्स भी उन्हीं कमरो या जगहों मे से एक हैं जहाँ बहुत कम लोग जाते हैं। पर ऐसी जगहों पर मैं अपना एक निशान छोड़ जाता हूँ ताकि लोगो को पता हो की मै यहाँ आया था।

एक तुर्किश सूफी गीत है। उसके कंमेंट बॉक्स मे मैं शायद एकलौता हिंदुस्तानी होऊंगा। अगली बार कोई और मेरे जैसा इंसान वहाँ जायेगा और जब उसे पता चलेगा की मै भी हिंदुस्तान से हूँ और इतना कम पॉपुलर सूफी म्युजिक सुनता हूँ तो शायद हैं दोनों मे दोस्ती हो जाए।

आखिरी बार ऐसे ही मेरी दोस्ती एक इंसान से हुई थी जो मेरे एक पुराने शहर के सबसे हौन्टेड जगह पर मिला था। वो मुझे देखकर बहुत चौंक गया था कि मै यहाँ क्या कर रहा। मै भी उस देखकर चौंका था। हमदोनो में दोस्ती भी इसी चौंक जाने के वजह से हुई। उसने बातों-बातों मे बताया कि इस जगह के बारे मे उसे उसकी प्रेमिका ने बताया था। पहली बार उसकी प्रेमिका ने उसे इसी जगह बुलाया था। उसकी प्रेमिका कल से लापता है इसलिए वो आज यहाँ इसे जगह पर उसे ढूँढने आया है।

उस समय उसकी प्रेमिका भी वहीं थी लेकिन जमीन से थोड़ी नीचे।

उसने मुझसे पूछा तुम यहाँ क्या कर रहे?

“मेरी भी प्रेमिका मुझे यहीं लेकर आती थी”

उस दिन मै वहाँ से जब लौट रहा था तब मैनें एक अच्छा काम किया था। मैनें एक प्रेमी को उसके प्रेमिका से हमेशा हमेशा के लिए मिलवा दिया था।

अब मै कभी ऐसी जगह नहीं जाता जहाँ बहुत कम लोग जाते हैं या कम लोग जाते हैं। ऐसी जगहें अगर हौन्टेड नहीं भी होती होंगी तो बाद मे मेरे जैसे लोगो की वजह से हौन्टेड हो जाती होंगी।

Leave a Reply

Discover more from अरहान Arahaan

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading