प्रिय इम्तियाज़ सर,
आपको ख़त लिखना, मानो उस रेल की खिड़की से बाहर झाँकना है जहाँ से ज़िंदगी की सबसे हसीन कहानियाँ दिखती हैं। जब पहली बार “सोचा ना था” देखी तो लगा जैसे कोई दोस्त मिल गया हो, जो बिना किसी फ़िल्टर के अपनी कहानी कह रहा हो। आपकी हर फ़िल्म में वो सच्चाई है जो आज के ज़माने में मिलना मुश्किल है – जैसे कोई पुराना ख़त, जो आज किसी पुरानी डायरी में दफन हो लेकिन फिर भी नया नाय और जिंदा स लगता है।
आपके किरदार सिर्फ़ स्क्रीन पर नहीं रहते, वो हमारे दिलों में हमारी यादों में पनाह बना लेते हैं। जब वी मेट की गीत को कौन भूल सकता है? वो लड़की जिसने हम सबको सिखाया कि ख़ुशी बाँटने से बढ़ती है, अकेले रहने से घटती नहीं। उसकी हंसी में वो ताक़त थी जो “मैं अपनी फ़ेवरेट हूँ” कहकर लाखों लड़कियों को अपने आप से प्यार करना सिखा गई। गीत सिर्फ़ एक किरदार नहीं था, वो एक एहसास था – जीने का, हंसने का और अपने होने पर गर्व करने का। गीत के किरदार ने लाखों लोगों को खुद को अक्सेप्टन्स का पाठ पढ़ाया था।
और वेद… भाई, वेद तो हम सब में बसा है! वो नौकरीपेशा आदमी जो रोज़ सुबह उठकर वो काम करता है जिसे वो काम नहीं मानता। जिसके अंदर एक कहानी दबी पड़ी है, एक सपना छुपा हुआ है। “तमाशा” देखकर न जाने कितने वेदों ने अपनी असली कहानी खोजने की हिम्मत जुटाई होगी। आपने दिखाया कि देर से सही, लेकिन अपना होना कभी गलत नहीं होता।
हैरी ने हमें सिखाया कि खोना कभी-कभी पाने का दूसरा नाम होता है। और जॉर्डन… वो तो कलाकारों की आत्मा था, जिसने बताया कि कला और दर्द के बीच कितना गहरा रिश्ता है।
आपकी फ़िल्में देखना, किसी पुराने दोस्त से मिलने जैसा है। कोई जल्दबाज़ी नहीं, कोई दिखावा नहीं। बस सच्चाई का एक सिलसिला, जो धीरे-धीरे दिल के क़रीब आकर बैठ जाता है। आप वो निर्देशक हैं जो समझते हैं कि असली कहानी किरदारों के बीच की ख़ामोशी में छुपी होती है, उनकी आँखों के इशारों में, उनकी हंसी के पीछे के आँसुओं में।
आपकी फ़िल्मों में सफ़र सिर्फ़ एक जगह से दूसरी जगह जाना नहीं है। ये अपने अंदर की दुनिया से बाहर की दुनिया तक का सफ़र है। हिमाचल की वादियों से लेकर यूरोप की गलियों तक, आप हर जगह को एक किरदार बना देते हैं। आपके कैमरे की नज़र से देखी गई जगहें सिर्फ़ locations नहीं लगतीं, वो जज़्बात लगती हैं।
आपने हिंदी सिनेमा को एक नई भाषा दी है। एक ऐसी भाषा जो दिल से निकलकर दिल तक पहुँचती है। आज की पीढ़ी के लिए आपकी फ़िल्में सिर्फ़ मनोरंजन नहीं हैं, वो आईना हैं। उस आईने में वो अपना चेहरा देखते हैं – अपने सपने, अपनी परेशानियाँ, अपनी उम्मीदें।
आपने साबित किया है कि commercial cinema भी meaningful हो सकता है। कि दर्शक सिर्फ़ तमाशा नहीं चाहते, वो अपनी कहानी भी चाहते हैं। आपकी फ़िल्में conversation starters हैं। कॉलेज के canteens से लेकर घरों के drawing rooms तक, लोग आपके किरदारों के बारे में बात करते हैं जैसे वो उनके दोस्त हों।
एक कहानी लिखने का सपना रखने वाले के लिए, आपकी फ़िल्में masterclass हैं। हम जैसे नए लिखने वाले लोगों को आपने सिखाया है कि कहानियाँ हमारे आस पास ही घट रही होती हैं, हमें बस उन कहानियों को परखने और तराशने की जरूरत होती है।
आपकी फ़िल्में मेरे जीवन के अलग-अलग पड़ावों में साथी रही हैं। जब confusion था तो “तमाशा” ने रास्ता दिखाया। जब हिम्मत चाहिए थी तो गीत का “मैं ठीक हूँ” याद आया। जब लगा कि सपने देखना बेकार है, तो जॉर्डन की कहानी ने बताया कि कुछ रास्ते सिर्फ़ मंज़िल के लिए नहीं, सफ़र के लिए भी चुने जाते हैं।
इस industry को आपकी जैसी आवाज़ों की ज़रूरत है। उन आवाज़ों की जो समझती हैं कि दर्शक सिर्फ़ entertainment नहीं चाहते, वो experience चाहते हैं। आपकी आने वाली फ़िल्मों का इंतज़ार इसलिए नहीं होता कि वो मनोरंजन करेंगी, बल्कि इसलिए कि वो कुछ नया सिखाएंगी, कुछ नया महसूस कराएंगी।
शुक्रिया, सर। शुक्रिया उस सिनेमा के लिए जो हमें जिंदा रखने के लिए प्रेरित करता है।
इस मोहब्बत भरे ख़त के अंत में बस इतना कहूँगा – आप सिर्फ़ एक director नहीं हैं, आप हमारे ज़माने की ज़रूरत हैं।
आपका एक प्रशंसक, जो अभी भी यक़ीन करता है कि अच्छी कहानियाँ दुनिया बदल सकती हैं।

Leave a Reply